मुंबई, 02 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाओं को बहाल करने पर दोनों देशों ने सहमति बना ली है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी घोषणा की और इसके तुरंत बाद एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने 26 अक्टूबर से उड़ानें शुरू करने की जानकारी दी। शुरुआती चरण में कोलकाता से ग्वांगझू के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स चलाई जाएंगी और जल्द ही दिल्ली से ग्वांगझू के बीच भी उड़ानें शुरू होंगी। इसके लिए इंडिगो अपने एयरबस A320neo विमान का संचालन करेगी। कोरोना महामारी के चलते 2020 में यह सेवाएं बंद हो गई थीं और उसके बाद गलवान झड़प के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आ गया था। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सर्दियों के मौसम को देखते हुए उड़ानों की टाइमिंग तय की जाएगी और यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि एयरलाइंस सभी नियमों का पालन करें। लंबे समय तक भारत और चीन के यात्रियों को तीसरे देशों जैसे थाईलैंड, सिंगापुर और मलेशिया के जरिए यात्रा करनी पड़ रही थी, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे।
फिलहाल दिल्ली से बीजिंग के लिए वन-वे टिकट का न्यूनतम किराया करीब 20 हजार रुपए और राउंड-ट्रिप का किराया 35 हजार रुपए तक पहुंचता है। डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू होने के बाद किरायों में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। इससे छात्रों, व्यापारियों, पर्यटकों और परिवारों को आसानी से यात्रा करने का अवसर मिलेगा और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक व आर्थिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी। 2019 में हर महीने भारत और चीन के बीच 539 सीधी उड़ानें संचालित होती थीं, जिनमें 1.25 लाख से ज्यादा सीटें उपलब्ध रहती थीं। लेकिन सेवाएं बंद होने के बाद यात्रियों को हांगकांग, बांग्लादेश, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे कनेक्टिंग हब से होकर जाना पड़ रहा था। जनवरी से अक्टूबर 2024 के बीच करीब 4.6 लाख यात्रियों ने इन रास्तों का इस्तेमाल किया, जबकि 2019 की इसी अवधि में यह संख्या 10 लाख थी। भारत और चीन के बीच इस नई सहमति की नींव पिछले साल अक्टूबर में कजान में पड़ी थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी। उसी समय दोनों देशों ने संबंधों को सामान्य करने के लिए कुछ अहम कदम उठाने पर सहमति जताई थी। हाल के महीनों में सीमा विवादित क्षेत्रों से सेनाओं की वापसी, कैलाश मानसरोवर यात्रा बहाल करने और अब फ्लाइट सेवाओं की शुरुआत इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।