भारत की ही तरह अब अमेरिका में भी ऐतिहासिक और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का नाम बदलने की कवायद तेज होती दिख रही है. दुनिया के सबसे प्रसिद्ध शहरों में से एक न्यूयॉर्क (New York City) के सबसे व्यस्त और प्रतिष्ठित पेन स्टेशन (Penn Station) का नाम अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के नाम पर रखे जाने की संभावना जताई जा रही है.
रिपब्लिकन प्रशासन ने इस सप्ताह अमेरिकी संसद के प्रमुख सीनेटरों से औपचारिक अनुरोध कर मैनहट्टन स्थित इस 100 साल से भी अधिक पुराने भूमिगत ट्रांजिट हब के कायाकल्प और नाम बदलने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है.
8 अरब डॉलर का रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट
'पेंसिल्वेनिया स्टेशन' (Pennsylvania Station) के नाम से मशहूर यह ट्रांजिट हब न्यूयॉर्क और पूरे उत्तरी अमरीकी क्षेत्र के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है.
-
रीडिजाइनिंग प्लान: अमेरिकी प्रशासन इस ऐतिहासिक स्टेशन को फिर से डिजाइन और आधुनिक बनाने के लिए 8 अरब डॉलर ($8 Billion) की एक विशाल योजना पर काम कर रहा है.
-
फंडिंग की मांग: अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी (Sean Duffy) ने बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को एक पत्र लिखकर स्टेशन के जीर्णोद्धार और परिवहन प्राथमिकताओं के लिए बजट की मंजूरी मांगी.
-
नामकरण की चर्चा: हालांकि डफी के पत्र में नए नाम का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया था, लेकिन परिवहन मंत्री लगातार यह इच्छा जताते रहे हैं कि वे इस नए रीडेवलप्ड स्टेशन का नाम अपने बॉस डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर देखना पसंद करेंगे.
क्यों खास है पेन स्टेशन?
-
ऐतिहासिक महत्व: 100 से अधिक वर्षों से अस्तित्व में रहा पेन स्टेशन मैनहट्टन का दिल माना जाता है और यह अमेरिका के परिवहन इतिहास का गवाह रहा है.
-
भारी फुटफॉल: यह रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही वाला अमेरिका का सबसे व्यस्त यात्री ट्रेन हब है.
-
राजनीतिक गलियारों में हलचल: ट्रंप के गृह नगर न्यूयॉर्क में उनके नाम पर किसी प्रमुख लैंडमार्क का नाम रखना एक बड़ा राजनीतिक फैसला माना जा रहा है, जिस पर डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के बीच तीखी बहस होना तय है.