इतिहास के पन्नों में हर तारीख किसी न किसी महत्वपूर्ण घटना को समेटे हुए है, और 7 अक्टूबर भी एक ऐसी ही तारीख है जिसने भारत और विश्व की दिशा को प्रभावित किया है। एक ओर इस दिन मुगल बादशाह अकबर की सेना ने कश्मीर में प्रवेश कर एक नए युग की शुरुआत की, तो वहीं दूसरी ओर मदर टेरेसा ने मानवता की सेवा के लिए ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ की नींव रखकर सेवा का एक महान आंदोलन शुरू किया।
भारत के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाएँ
1586: कश्मीर पर मुगल आधिपत्य
7 अक्टूबर, 1586 को मुगल बादशाह अकबर की सेना ने कश्मीर में प्रवेश किया। उस समय कश्मीर में चक वंश का शासन था, जिसके अंतिम प्रभावशाली शासक युसुफ शाह चक थे। मुगलों की मजबूत रणनीतिक ताकत के सामने चक वंश अधिक समय तक टिक नहीं पाया और युसुफ शाह को आत्मसमर्पण करना पड़ा। इस घटना के साथ ही, कश्मीर मुगल साम्राज्य का एक हिस्सा बन गया, जिसने इस क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक ताने-बाने पर गहरा प्रभाव डाला।
1950: मदर टेरेसा ने 'मिशनरीज ऑफ चैरिटी' की स्थापना की
आधुनिक भारतीय इतिहास में 7 अक्टूबर, 1950 को मदर टेरेसा के प्रयासों को वेटिकन से मंजूरी मिली। उन्होंने कोलकाता में ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ नामक एक नई संस्था की स्थापना की। इसकी शुरुआत मात्र 13 लोगों के साथ हुई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य गरीबों, बीमारों और बेसहारा लोगों की सेवा करना था। यह छोटा सा समूह धीरे-धीरे एक विश्वव्यापी आंदोलन बन गया, जो आज दुनिया के 120 से अधिक देशों में सैकड़ों अनाथालय, अस्पताल और सेवा केंद्र चला रहा है। मदर टेरेसा की यह पहल आज भी मानवता की सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
1952: चंडीगढ़ को मिली राजधानी की पहचान
आज़ादी के बाद 7 अक्टूबर, 1952 को चंडीगढ़ को पंजाब की राजधानी बनाया गया। यह शहर, जिसे प्रसिद्ध फ्रांसीसी वास्तुकार ली कॉर्बुज़ियर ने डिजाइन किया था, आधुनिक शहरी नियोजन का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है।
1992: त्वरित कार्यवाई बल (RAF) का गठन
देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और सांप्रदायिक दंगों जैसी स्थितियों से विशेषज्ञतापूर्वक निपटने के लिए 7 अक्टूबर, 1992 को भारत में त्वरित कार्यवाई बल (Rapid Action Force- RAF) का गठन किया गया था। यह अर्धसैनिक बल भीड़ नियंत्रण और आपदाओं में नागरिक प्रशासन की मदद करने के लिए जाना जाता है।
वैश्विक और अन्य घटनाएँ
1737: बंगाल में समुद्री तूफान से भारी तबाही
7 अक्टूबर, 1737 को बंगाल की खाड़ी में आए एक विनाशकारी चक्रवात ने भारी तबाही मचाई। इस तूफान में 20,000 से अधिक छोटे जहाज समुद्र में समा गए और अनुमानतः तीन लाख लोगों की मौत हुई, जिसे भारत की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जाता है।
2001: ‘ऑपरेन एंड्यूरिंग फ्रीडम’ का आरंभ
अमेरिका में 11 सितंबर के आतंकवादी हमलों के जवाब में 7 अक्टूबर, 2001 को आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका ने ‘ऑपरेशन एंड्यूरिंग फ्रीडम’ (Operation Enduring Freedom) शुरू किया। इस ऑपरेन के तहत अफगानिस्तान में तालिबान शासन के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की गई, जिसने वैश्विक राजनीति पर गहरा असर डाला।
2023: हमास का इजरायल पर हमला
हाल के इतिहास में, 7 अक्टूबर, 2023 को फिलिस्तीनी समूह हमास ने इजरायल के दक्षिणी इलाकों में एक बड़ा और घातक हमला किया, जिसे 'अल-अक्सा फ्लड' नाम दिया गया। इस अचानक हुए हमले में सैकड़ों इजरायली नागरिक मारे गए और कई लोगों को बंधक बना लिया गया। इस घटना के बाद से ही इजरायल और हमास के बीच एक भीषण युद्ध छिड़ गया, जिसने पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में अस्थिरता पैदा कर दी है।
प्रमुख व्यक्तियों का जन्म और निधन
-
निधन (1708): सिक्खों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी का निधन हुआ।
-
जन्म (1907): प्रसिद्ध क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी दुर्गा भाभी (दुर्गावती देवी) का जन्म हुआ।
-
जन्म (1979): भारतीय मॉडल और अभिनेत्री, युक्ता मुखी, (मिस वर्ल्ड 1999) का जन्म हुआ।
-
जन्म (1978): भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज ज़हीर खान का जन्म हुआ